Fatehabad News: नशे की ओवरडोज से पूर्व सरपंच के 30 साल के बेटे की मृत्यु

सिविल हॉस्पिटल में कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट को सोमवार सुबह चालू करके चेक किया गया था।

Fatehabad News: नशे की ओवरडोज से पूर्व सरपंच के 30 साल के बेटे की मृत्यु
X

हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की कमी का लगा आरोप

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के युवक की टोहाना के नागरिक अस्पताल में सोमवार दोपहर नशे की ओवरडोज के कारण मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सिविल हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं होने के कारण युवक की मौत हो गई। मृतक गांव पिरथला के पूर्व सरपंच डॉ. दलबीर सिंह का बेटा था।

मृत युवक अशोक के पिता डॉ. दलबीर के मुताबिक अस्पताल में काम करने वाले डॉ. ब्रिजेश ने उन्हें बताया कि हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की सप्लाई चालू नहीं है। डॉ. दलबीर ने बताया कि उनके बेटे अशोक को नशे की ओवरडोज के कारण दोपहर 3.41 बजे सिविल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया था।

जब वह अस्पताल में पहुंचे तो डॉक्टर ब्रिजेश ने उन्हें एक इंजेक्शन लाने के लिए कहा। वह इंजेक्शन लेने के लिए बाज़ार चले गए। उसके बाद जब वह हॉस्पिटल में पहुंचे तो डॉक्टर ने उन्हें कहा कि यहां ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं है।

उनके दूसरे बेटे संदीप से चिकित्सक ने कहा कि आप अपने हाथ से अशोक को ऑक्सीजन देते रहो। जब वह ऑक्सीजन के अभाव में अपने बेटे अशोक को निजी हॉस्पिटल में ले जाने लगे। इसी दौरान हॉस्पिटल से बाहर निकलते ही उसने दम तोड़ दिया।

सोमवार को सुबह भी चालू किया गया था ऑक्सीजन प्लांट:
सिविल हॉस्पिटल में कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट को सोमवार सुबह चालू करके चेक किया गया था। हालांकि परिजनों का सवाल था कि जब सोमवार सुबह ऑक्सीजन प्लांट को चालू करके चेक किया गया था तो हॉस्पिटल में ऑक्सीजन क्यों नहीं थी। इस संबंध में जब डॉ. दलबीर ने टोहाना एसएमओ डॉ. कुनाल से बातचीत की, तो उन्होंने कहा कि कौन कहता है कि यहां ऑक्सीजन नहीं है। अगर किसी चिकित्सक ने ऐसा कहा है तो उसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई होगी।

डॉ. ब्रिजेश ने कहा की मुझे नहीं पता कि हॉस्पिटल में ऑक्सीजन है या नहीं। यह भी नहीं पता कि ऑक्सीजन कहां से आती है।

डॉ. सपना गहलावत, सीएमओ ने कहा की टोहाना सिविल हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। परिजनों के आरोप सही नहीं हैं।

ApnaPatrakar

Tags:
Next Story
Share it