हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन, देखें अपडेट्स
यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने रास्ते में कुछ बच्चों और महिलाओं से बात की।

दूसरे दिन किसानों से मिलेंगे राहुल गांधी
हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन है। हरियाणा के नूंह के मलाब से राहुल गांधी की यात्रा शुरू हो गई है। राहुल गांधी यहां से फ़िरोज़पुर नमक होते हुए 14 किलोमीटर पेडल चलकर शाम को चार बजे मेवात क्षेत्र के गांधीग्राम घासेड़ा पहुंचेंगे। आज राहुल गांधी यात्रा के दौरान किसानों से मुलाकात करेंगे। बुधवार को केंद्र सरकार ने कोरोना का खतरा देखते हुए यात्रा रोकने की अपील की थी, लेकिन राहुल गांधी ने देर रात को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इशारों में साफ कर दिया था की उनकी यात्रा रुकने वाली नहीं है।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने रास्ते में कुछ बच्चों और महिलाओं से बात की। राहुल गांधी ने बच्चों से पूछा कि वो किस स्कूल में पढ़ते हैं। राहुल ने उनसे पसंदीदा विषय भी पूछे। राहुल का ये अंदाज बच्चों को बहुत पसंद आया। बच्चे राहुल से मुलाकात के बाद बहुत खुश नजर आए।
राहुल गांधी के साथ हरियाणा कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और कुमारी सैलजा भी यात्रा में साथ चल रहे हैं। हरियाणा में अपनी पहले दिन की यात्रा पूरी करने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि, ये यात्रा मेरी नहीं, हर भारतीय के संघर्ष की कहानी है। हर उस देशवासी की दास्तान है जो एक उज्ज्वल भविष्य का ख़्वाब देखता है, अपने हालात से समझौता नहीं करता, उसे चुनौती देने का जज़्बा रखता है।
उन्होंने लिखा, आज हमारी यात्रा को 105 दिन पूरे हुए। कई राज्यों की मिट्टी की ख़ुशबू समेट कर चल रहे हैं इन रास्तों में, सुख और दुःख बांटना सब बसा है हमारी यादों में। जब चलना शुरू किया था हमारे विरोधियों ने कई बातें बनाई। मगर हर राज्य के लोगों ने प्यार और समर्थन की नई मिसाल क़ायम की, हमें ये अहसास दिलाया कि आप अकेले नहीं हो, पूरा देश आपके साथ है।
आगे लिखा, आज जब हरियाणा की सीमा में प्रवेश किया तो जनता के प्यार और सम्मान की एक और अद्भुत तस्वीर देखी। लड़ जाने की वो ललक, हर हालात से टकरा जाने की हिम्मत - हरियाणा ने हमारी यात्रा को नई ऊर्जा दे दी है। न रुके थे, न रुकेंगे - इस जंग को जीतने तक, भारत जुड़ने तक।
बतादें कि, राहुल गांधी गांधीग्राम से 10 किलोमीटर पैदल चलकर डॉक्टर आंबेडकर चौक पहुंचेंगे। यहां वह आधा घंटा एक पब्लिक मीटिंग करेंगे। शाम को 7 बजे यात्रा का समापन होगा और रत में यात्रा का स्टे बल्लभगढ़ गांव में होगा। तीसरे दिन भारत जोड़ो यात्रा गुड़गांव में प्रवेश करेगी।
पहले दिन हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में 1.5 लाख लोग शामिल हुए। ये खुलासा प्रदेश की खुफिया रिपोर्ट में हुआ है। हरियाणा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया जो यात्रा में शामिल हैं कि, यात्रा में 1.5 से 2 लाख लोग शामिल हुए है और दूसरे दिन ये आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।