डॉ केवी सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू को किया नमन
पंडित नेहरू ने आईआईटी समेत अनेक शिक्षा संस्थानों व उद्योगों को देश में स्थापित कर देश को विकसित देशों की कतार में खड़ा किया.

हम सभी को नेहरू जी की सोच पर चलना चाहिए- डॉ. केवी सिंह
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु जी की जयंती पर आज डबवाली शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ केवी सिंह के नेतृत्व में उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की आजादी के लिए अथक प्रयास किए, जिसकी बदौलत भारत आजाद हुआ और उसके बाद उन्होंने आजाद भारत में आधुनिक शिक्षा पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प. नेहरू ने बाबासाहेब अंबेडकर जी के साथ मिलकर देश के मजबूत संविधान को लागू करवाया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने आईआईटी समेत अनेक शिक्षा संस्थानों व उद्योगों को देश में स्थापित कर देश को विकसित देशों की कतार में खड़ा किया।
डॉ केवी सिंह ने कहा कि उन्हीं के नक्शे कदम पर चलते हुए स्व: लाल बहादुर शास्त्री जी व आयरन लेडी स्व:इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता बनाये रखने व देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया और देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा बीजेपी सरकार पंडित नेहरू जी पर टीका टिप्पणी करके उनकी छवि को धूमिल करने का विफल प्रयास कर रही हैं, जबकि पंडित नेहरू जी की देन को भारत कभी भी भुला नहीं सकता।
डॉ सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू जी ने बाबासाहेब आंबेडकर के साथ मिलकर जिस संविधान का निर्माण किया था, जिसके तहत बिना किसी भेदभाव के सभी को एक समान दर्जा दिया गया था, उसी को तोड़ने का विफल प्रयास मौजूदा सरकार कर रही है, जिससे बचने के लिए हम सब को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश में विकास पर चर्चा होने की बजाए धर्म के नाम पर चर्चा हो रही है जो कि देश की मजबूती के लिए सही नहीं है। उन्होंने अपील की कि हम सबको पंडित नेहरू जी की सोच पर चलते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए काम करना चाहिए और देश की मजबूती के लिए प्रयास करने चाहिए।
ApnaPatrakar