सिरसा: जानिए कौन है छोटू भाट और जग्गा सिंह, जिनके घर NIA ने की थी रेड
बुधवार को NIA ने दोनों के घर पर रेड मारी और अवैध हथियार बरामद किए थे। NIA गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए बड़ी छापेमारी कर रही है।

जानिए भाट और जग्गा की कहानी, NIA को रेड में क्या-क्या मिला
राष्ट्रिय जांच एजेंसी (NIA) ने हरियाणा के सिरसा जिले में गैंगस्टर छोटू भाट और जग्गा सिंह पर रेड की। इन दोनों का ही खौफ पुरे इलाके में हैं। छोटू भाट किसी समय में हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल हुआ करता था, पुलिस की नौकरी छोड़ने के बाद वो अपराध की दुनिया में आ गया। छोटू भाट का गांव चौटाला है।
दूसरी तरफ सिरसा जिले के गांव तख्तमल के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि जग्गा सिंह का इलाके और उसके खुद के गांव में इतना खौफ है कि वो गांव में सरपंच का चयन खुद करता है।
बुधवार को NIA ने दोनों के घर पर रेड मारी और अवैध हथियार बरामद किए थे। NIA गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए बड़ी छापेमारी कर रही है।
कौन है छोटू भाट?
गैंगस्टर छोटू भाट पर 17 केस दर्ज हैं। इन केसों में हत्या और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। छोटू भाट चौटाला डबल मर्डर केस में जेल में बंद था और अभी कुछ दिन पहले ही जमानत से बाहर आया था। जनवरी 2017 में छोटू भाट ने चौटाला गांव के एक किन्नू प्लांट में सतबीर पूनिया और अमित सहारण की हत्या कर दी थी। इसमें बंबीहा गैंग से जुड़े कमलजीत सिंह उर्फ़ बंटी ढिल्लों, जसप्रीत उर्फ़ जिंपी डॉन, निशान सिंह, हरसिमरन सिंह और सुखप्रीत सिंह बुड्ढा भी शामिल थे। इसी केस के चलते छोटू भाट जमानत पर बाहर आया था।
बिश्नोई गैंग कर चूका है फायरिंग:
जून 2017 में पंजाब पुलिस ने ढाणी सुकेराखेड़ा में ऑपरेशन चलाया जिसमें जिंपी डॉन, निशान सिंह और बंटी ढिल्लों ने सुसाइड कर लिया था। छोटू भाट बंबीहा गैंग के सिंडिकेट में शामिल है। इसी के चलते डबवाली कोर्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों ने उस पर फायरिंग भी की थी।
जग्गा का इलाके में खौफ:
सिरसा जिला के कालांवाली हल्का में गांव तख्तमल के जग्गा सिंह का उसके इलाके में पूरा खौफ है। जग्गा के खिलाफ 14 मामले दर्ज हैं। साल 2016 के पंचायती चुनावों में उसकी पत्नी निर्विरोध सरपंच चुनी गई थी। इस बार पंचायती चुनावों में सीट आरक्षित होने की वजह से जग्गा ने अपने ही समर्थक को सर्वसम्मति से सरपंच चुना था।
पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले की जांच में पाया गया कि जग्गा के करीबी रहे निक्कू ने मूसेवाला की रेकी की थी। जग्गा के करीबी रहे निक्कू और केकड़ा ने सिद्धू के घर की रेकी की थी। फिलहाल दोनों ही इस मामले में जेल में बंद हैं। निक्कू कई साल पहले जग्गा के साथ विवाद के कारण गांव छोड़ने पर मजबूर हो गया था।
निक्कू और केकड़ा ने सिद्धू मूसेवाला के फैन बनकर उसकी रेकी की थी और इसकी मुखबिरी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को दी थी।
आखिर कौन है बंबीहा गैंग?
पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर और शार्पशूटर दविंदर बंबीहा है गैंग है 'बंबीहा गैंग'। वैसे तो पुलिस एनकाउंटर में दविंदर बंबीहा मारा गया था। लेकिन अभी भी उसकी गैंग एक्टिव है। अर्मेनिया में बैठा लक्की पटियाल और जेल में बंद सुखप्रीत बुड्ढा इस गैंग को चला रहे हैं।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग और बंबीहा गैंग आमने-सामने हो गए थे। लॉरेंस गैंग ने मूसेवाला को मारा था और इस पर बंबीहा गैंग ने मूसेवाला की मौत का बदला लेने की धमकी दी थी। हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना भी बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ है।
NIA को रेड में क्या-क्या मिला?
मंगलवार रात को NIA ने सिरसा जिले के गांव तख्तमल में रेड की थी। रेड की कारवाही सुबह 6 बजे तक चली थी। तख्तमल गांव से NIA को दो देसी कट्टे, 100 कारतूस, 12 बन्दूक और 315 बोर राइफल बरामद हुए थे। इसके साथ ही एक लाख का कैश भी बरामद हुआ। ये कैश जांच के बाद NIA ने परिवार को सौंप दिया था। मंगलवार रात को ही NIA ने चौटाला गांव में छोटू भाट के घर पर रेड की। NIA को वहां से वायरलेस सेट, रिवाल्वर के 27 कारतूस और DVR बरामद हुए।
NIA ने अवैध हथियार बरामद होने पर दोनों को पेश होने का नोटिस दिया है। बंबीहा गैंग और आतंकियों से संबंध के शक में इन दोनों पर NIA ने रेड की थी।