Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप लड़ेंगे 2024 का राष्ट्रपति चुनाव
अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 8 नवंबर को एक ट्वीट करते हुए कहा था कि, वे 15 नवंबर को बड़ी घोषणा करने जा रहे हैं।

ट्रंप ने वाइट हाउस की उम्मीदवारी के लिए दाखिल किए दस्तावेज
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाइट हाउस की उम्मीदवारी के लिए दस्तावेज दाखिल कर दिए हैं। डोनाल्ड ट्रंप के इस फैसले से साफ हो गया है कि वो साल 2024 में होने वाले राष्ट्रपति के चुनाव लड़ेंगे। ट्रंप ने एक बयान भी जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा, अमेरिका को फिर से महान और गौरवशाली बनाने के लिए मैं आज अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं।
अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 8 नवंबर को एक ट्वीट करते हुए कहा था कि, वे 15 नवंबर को बड़ी घोषणा करने जा रहे हैं। उसी दिन से ऐसा माना जा रहा था कि वो 2024 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। पूर्व राष्ट्रपति ने ये घोषणा अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव के परिणाम के मद्देनजर की है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, दुनिया में ऐसा कभी नहीं हुआ होगा और शायद ही ऐसा कभी होगा। हमारा आंदोलन सबसे हटकर होगा। अमेरिका की वापसी अभी से शुरू हो गई है। मेरे नेतृत्व में अमेरिका एक महान और गौरवशाली देश था लेकन अब हमारा देश पतन की ओर जा रहा है। हम देश के रूप में असफल रहे हैं।
पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी के बारे में बात करते हुए कहा कि, उनकी पार्टी बहुत बड़ी, बहुत मजबूत, बहुत अधिक शक्तिशाली है। हमारी पार्टी देश के लिए सर्वोच्च प्रदर्शन कर सकती है। अगर वह राष्ट्रपति होते तो यूक्रेन में रूस का युद्ध कभी नहीं होता। यहां तक कि डेमोक्रेट्स ने भी इसे स्वीकार किया है।
बतादें कि डोनाल्ड ट्रंप तीसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2016 में जीत हासिल की थी और अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे। साल 2020 में भी ट्रंप ने चुनाव लड़ा और हार गए। उस समय जो बाइडेन जीते थे।