ब्राजील को 3 विश्वकप जिताने वाले महान फुटबॉलर "पेले" का निधन
उनकी बेटी कैली नैसिमेंटो ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की सुचना दी।

फुटबॉलर "पेले" का गुरुवार को 82 साल की उम्र में निधन, पेट के कैंसर से पीड़ित
ब्राज़ील के महान फुटबॉलर "पेले" का गुरुवार को 82 साल की उम्र में निधन हो गया।उनकी बेटी कैली नैसिमेंटो ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की सुचना दी।"पेले" पेट के कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था।
कीमोथेरेपी के जरिए उनका ट्रीटमेंट किया गया, लेकिन उन्हें कोई बेनिफिट नहीं हो रहा था। इसके बाद कीमोथेरेपी बंद कर उन्हें दर्द कम करने की मेडिसिन दी जाने लगीं। उन्हें किडनी और कार्डियक डिसफंक्शन भी था।
बेटी ने कहा - हम जो भी हैं सब आपकी मेहरबानी है:
"पेले" की बेटी कैली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''हम जो कुछ भी हैं, सब आपकी बदौलत हैं। हम आपको बहुत प्यार करते हैं। "रेस्ट इन पीस"(RIP)। 25 दिसंबर को परिवार ने क्रिसमस का त्योहार "पेले" के साथ हॉस्पिटल में ही सेलिब्रेट किया था।
रूटीन चेकअप के लिए हॉस्पिटल गए थे:
पेले रूटीन चेकअप के लिए हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत काफ़ी ख़राब गई और फिर हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। "पेले" को कैंसर था और दिल से जुड़ी प्रॉब्लम भी थीं। कैंसर के ट्रीटमेंट में उन पर "कीमोथेरेपी" का असर भी नहीं हो रहा था। जिस कारण डॉक्टर भी चिंतित थे। सितंबर 2021 में उनका कोलोन ट्यूमर हटाया गया। जिसके बाद उनकी कीमोथेरेपी की गई।
पेले इससे पहले भी कई बार चेकअप कराने के लिए अस्पताल में एडमिट हुए थे। पिछले दिनों कतर में फ़ीफ़ा विश्व कप की शुरुआत में ही "पेले" ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो शेयर की थी। उन्होंने फैंस को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया था।
पेले का "एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो" असली नाम:
पेले का असली नाम "एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो" था। निक नेम डिको, पेले और द ब्लैक पर्ल भी हैं। पेले का जन्म 23 अक्टूबर 1940 को ब्राज़ील में हुआ था। इनकी तीन पत्नियां हैं, लेकिन कितने बच्चे हैं, इसको लेकर विवाद होते रहे हैं। पेले खुद एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उन्हें याद तक नहीं कि उनके कितने बच्चे हैं। हालांकि ऑफिशियल रिकॉर्ड में पेले के 7 बच्चों के नाम सामने आते हैं।
उनकी पहली शादी 1966 में हुई और 1982 में डाइवोर्स हो गया। पहली पत्नी का नाम "रोज मैरी डोस रीस" था। उनसे तीन बच्चे हुए। पेले ने दूसरी शादी 1994 में की और 2008 में उनका तलाक हो गया। दूसरी पत्नी का नाम "एसीरिया लेमोस सिक्सैक्स" था। तीसरी शादी उन्होंने 2016 में की थी। पत्नी का नाम "मार्सिया ऑकी" है। वह पेले के साथ ही रहती थीं।
ब्राज़ील को 3 विश्व कप दिलाए:
पेले फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में से एक रहे है। उन्होंने 1958, 1962 और 1970 में ब्राज़ील को 3 विश्व कप दिलाए। उन्होंने 4 विश्व कप खेले। इनमें से टीम ने तीन बार ख़िताब जीते। उन्होंने 1971 में ब्राज़ील नेशनल टीम से संन्यास ले लिया था।
तीन बार विश्व कप जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी:
पेले ने तीन बार फ़ीफ़ा विश्व कप ख़िताब जीता है। ऐसा करने वाले वे दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने कुल 4 विश्व कप खेले। इसमें से तीन जीते। वे तीन विश्व कप जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने 1971 में ब्राज़ील नेशनल टीम से रिटायरमेंट ले लिया था।
पेले ने अपने कैरियर में 92 मैच खेले और 78 गोल दागे। ब्राज़ील के लिए सबसे ज़्यादा गोल करने वाले प्लेयर्स में उनके बाद नेमार का नाम हैं। नेमार ने 77 गोल किए।
फ़ीफ़ा विश्व कप में स्कोर करने वाले सबसे यंग खिलाड़ी:
1958 में पेले ने अपना पहला विश्व कप जीता था। पेले केवल 17 वर्ष और 239 दिन के थे, जब उन्होंने 1958 विश्व कप में वेल्स के ख़िलाफ़ ब्राज़ील के क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में अपना पहला गोल किया था। इसके बाद वह फ़ीफ़ा विश्व कप टूर्नामेंट में स्कोर करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने 17 साल और 244 दिन की उम्र में विश्व कप के सेमीफइनल में फ्रांस के ख़िलाफ़ हैट्रिक भी लगाई थी। इसके साथ ही वे हैट्रिक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बने। उन्होंने फाइनल में भी गोल स्कोर किया और ब्राज़ील को विश्व कप जिताया। दिलचस्प बात यह है कि पेले 18 साल की उम्र से पहले वर्ल्ड कप में स्कोर करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं।